आमिर, देवल ब्यूरो ,चंदवक, जौनपुर। क्षेत्र के कोपा गांव के लोग बंदरों के आतंक से भयभीत व परेशान हैं। महीनेंभर पहले लगभग 150 की संख्या में आए बंदर गांव में उत्पात मचा रखा है। छतों व दरवाजों पर रखें सामानों को जहां बिखेर दे रहे हैं वहीं सूखने के लिए फैलाएं गए कपड़ों को फाड़ दे रहे हैं। बंदरों से निजात पाने के लिए ग्रामीणों ने राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री व जिलाधिकारी से गुहार लगाई लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका।
कोपा गांव में महीनेंभर पहले बंदरों का भारी झुंड आ धमका। बंदरों का झुंड कहा से आया किसी को जानकारी नहीं हो पाई लेकिन देखते ही देखते पूरे गांव में उत्पात मचाना शुरू कर दिया। ग्रामीणों की माने तो इनकी संख्या 150 से ऊपर है। बंदरों का उत्पात इस कदर बढ़ गया है कि छतों के ऊपर फैलाएं गए कपड़े फाड़ दे रहे हैं वहीं अनाजों व अन्य चीजों को बिखेर दे रहे हैं। मड़हों को उजाड़ दे रहे हैं। जानवरों को परेशान करते हैं।संख्या अधिक अधिक होने से लोग भगाने से डरते हैं कि कहीं हमला न कर दे। बंदरों के आतंक से परेशान ग्रामीणों ने समस्या से निजात दिलाने के लिए राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री व जिलाधिकारी से गुहार लगाई लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। समस्या जस की तस बनी हुई है।