देवल संवाददाता, आजमगढ़। जिले के देवगांव थाना क्षेत्र में पुलिस ने चोरी की गाड़ी पर फर्जी नम्बर प्लेट लगाकर उसे बेचने वाले दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। मामले में धोखाधड़ी, जालसाजी और जान से मारने की धमकी जैसे गंभीर आरोप सामने आए हैं। देवगांव पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन ठगी के एक संगठित गिरोह का खुलासा हुआ है।
थाना देवगांव पुलिस को एक आवेदक ने तहरीर देकर अवगत कराया था कि अभियुक्तों द्वारा चोरी की गाड़ी पर फर्जी नम्बर प्लेट लगाकर उसे बिक्री कर दी गई। वाहन के कागजात मांगने पर अभियुक्तों ने कोई दस्तावेज नहीं दिए। बाद में जांच करने पर गाड़ी पर लगी नम्बर प्लेट फर्जी पाई गई।
पीड़ित द्वारा लालगंज क्षेत्र में अभियुक्तों से कागजात अथवा धनराशि वापस मांगने पर आरोप है कि अभियुक्तों ने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इस संबंध में थाना देवगांव पर मुकदमा पंजीकृत किया गया।
उप निरीक्षक सुभाष तिवारी पुलिस टीम के साथ मोलनापुर ब्रिज क्षेत्र में गश्त पर थे। मुखबिर से सूचना मिलने पर मोलनापुर ब्रिज की पश्चिमी पटरी के पास खड़ी गाड़ी के समीप खड़े दो व्यक्तियों को घेराबंदी कर दबिश दी गई। दोनों अभियुक्तों को हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया गया।गिरफ्तार अभियुक्तों में अजय कुमार पटेल पुत्र अशोक पटेल निवासी दबिलहा, थाना बरसठी, जनपद जौनपुर तथा इरफ़ान पुत्र मलिक शेख मन्सूर निवासी महुआरी, थाना मड़िहान, जनपद मिर्जापुर शामिल है।