आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। शाहगंज क्षेत्र के बड़ागांव में अमन सेवा ट्रस्ट द्वारा स्वर्गीय अली कौसर की स्मृति में निःशुल्क चिकित्सा परीक्षण एवं जांच शिविर का सोमवार की सुबह करीब 10 बजे आयोजन किया गया। शिविर में आसपास के गांवों से आए 150 से अधिक मरीजों का अनुभवी चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और उन्हें आवश्यक परामर्श दिया गया। शिविर का उद्घाटन सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता जेड के फैजान और ईडेन पब्लिक स्कूल के प्रबंधक परवेज आलम भुट्टो ने फीता काटकर किया। अतिथियों ने ट्रस्ट के सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए इसे ग्रामीण क्षेत्र के लिए लाभकारी बताया। शिविर में डॉ. ए.के. सिंह, डॉ. ज्ञानचंद चित्रवंशी, डॉ. जावेद अहमद, डॉ. रितेश, डॉ. तैयबा, डॉ. अल्ताफ अहमद, डॉ. हामिद रहमान और डॉ. फहमीदा सहित अन्य चिकित्सकों ने सेवाएं दीं। ट्रस्ट के संयोजक एडवोकेट अली अरशद ने सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
