देवल, ब्यूरो चीफ,शक्तिनगर, सोनभद्र। शक्तिनगर थाना पुलिस ने लूट की घटना में शामिल एक और आरोपी को रविवार को धर दबोचा। मामले में एक आरोपी को गत शुक्रवार की रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया था। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान रोहित पुत्र राजेश राम उम्र करीब 19 वर्ष निवासी बस स्टैण्ड काली मंदिर थाना शक्तिनगर के रूप में की गई है। मामले में अभी भी दो आरोपी फरार चल रहे हैं।
जानकारी के अनुसार बीते 15 नवंबर को बस स्टैंड काली मंदिर के पास से असलहा के दम पर बदमाशों ने एक व्यापारी से आभूषणों से भरा बैग लूट कर फरार हो गए थे। पीड़ित व्यापारी की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही थी। स्थानीय पुलिस ने थानाध्यक्ष कमल नयन दूबे के नेतृत्व में मुखबिर की सूचना पर वांछित अभियुक्त रोहित को कोटा बोट प्वाइंट तिराहा से धर दबोचा। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटे के 6 पायल, 9 बिछिया, एक लॉकेट, एक बच्चों के हाथ का कंगन, एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है। पुलिस के अनुसार पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी रोहित ने बताया है कि बीते 15 नवंबर को बस स्टैण्ड काली मंदिर क्षेत्र में एक सोनार से हुई लूट की घटना में यह आभूषण उसके हिस्से में आए थे। उक्त घटना को वह अपने साथियों रोशन, साजन एवं सोनू के साथ मिलकर अंजाम दिया था। बताया कि उसने सोनार की दुकान बंद होने के बाद उसके घर जाने की लोकेशन अपने मोबाइल फोन से अपने साथियों को साझा किया था, जिसके उपरांत उसके साथियों द्वारा असलहे के बल पर सोनार से आभूषणों से भरा बैग लूट लिया गया था। घटना के पश्चात सभी आरोपी पैदल गली मार्ग से अपने-अपने घर चले गए थे। बाद में रोशन एवं सोनू ने 29 नवंबर को नगर उटारी गढ़वा में इसी प्रकार की लूट की घटना को अंजाम दिया था। पुलिस के अनुसार बरामद सामान को वह बेचने की फिराक में था। मौके पर थानाध्यक्ष कमल नयन दूबे, उप निरीक्षक जितेन्द्र सरोज, कांस्टेबर राम जी, अक्षय कुमार यादव आदि मौजूद रहे।
.jpeg)