देवल संवाददाता, अतरौलिया/आजमगढ़। पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ के निर्देशन में अपराध और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण तथा यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से अतरौलिया थाना क्षेत्र में शुक्रवार को सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत थाना क्षेत्र के प्रमुख चौराहों और मार्गों पर दोपहिया वाहनों की गहन जांच की गई, जिससे नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों में हड़कंप मच गया।
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने वाहन चालकों के हेलमेट, ड्राइविंग लाइसेंस, बीमा, प्रदूषण प्रमाण पत्र समेत अन्य आवश्यक कागजातों की बारीकी से जांच की। साथ ही नंबर प्लेट की वैधता पर भी विशेष ध्यान दिया गया। जांच के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करते पाए जाने पर कुल 120 दोपहिया वाहनों का ई-चालान किया गया। वहीं बिना नंबर प्लेट और गंभीर नियम उल्लंघन के मामलों में पुलिस ने दो दोपहिया वाहनों को सीज करने की कार्रवाई की।
यह सघन वाहन चेकिंग अभियान मदियापार मोड़, पटेल चौक, केसरी सिंह चौक, छितौनी सहित अन्य प्रमुख स्थानों पर चलाया गया। अचानक हुई कार्रवाई से क्षेत्र में आवागमन करने वाले वाहन चालकों में अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर मौजूद लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करते हुए हेलमेट पहनने, वाहन के सभी आवश्यक कागजात साथ रखने और सुरक्षित ढंग से वाहन चलाने की सख्त हिदायत दी।
अभियान में वरिष्ठ उप निरीक्षक पवन कुमार सिंह, उप निरीक्षक पवन शुक्ला, राजेंद्र सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए आगे भी इस प्रकार के सघन वाहन चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेंगे।