देवल संवाददाता, आज़मगढ़। आजमगढ़ पुलिस ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि जनता की सुनवाई और शिकायतों के समाधान में वह पूरे प्रदेश में अग्रणी है। जन शिकायत निवारण प्रणाली (IGRS) पर प्राप्त शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण में उत्कृष्ट कार्य करते हुए आजमगढ़ पुलिस ने प्रदेश स्तर पर प्रथम स्थान हासिल कर लिया है।
यह उपलब्धि न केवल पुलिस के कुशल नेतृत्व और कर्तव्यनिष्ठा को दर्शाती है, बल्कि यह भी बताती है कि आजमगढ़ पुलिस जनता की समस्याओं के समाधान को लेकर कितनी गंभीर और संवेदनशील है। शासन स्तर से हर माह आईजीआरएस पोर्टल पर दर्ज शिकायतों की समीक्षा की जाती है, जिसमें निस्तारण की गुणवत्ता, समयबद्धता और शिकायतकर्ता की संतुष्टि के आधार पर रैंकिंग तय होती है। इसी मूल्यांकन में माह अक्टूबर में आजमगढ़ पुलिस ने पूरे प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया।
पुलिस विभाग की यह सफलता टीम भावना, पारदर्शिता और जवाबदेही का परिणाम है। जनपद के अंतर्गत आने वाले 19 थाना क्षेत्रों महराजगंज, देवगाँव, बिलरियागंज, निजामाबाद, फूलपुर, सिधारी, कोतवाली, दीदारगंज, मुबारकपुर, कप्तानगंज, रानी की सराय, मेंहनगर, बरदह, रौनापार, अहरौला, पवई, तहबरपुर, तरवां तथा मेंहनाजपुर ने भी अपने-अपने स्तर पर IGRS रैंकिंग में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
इस दौरान प्रत्येक थाना क्षेत्र ने न केवल शिकायतों का त्वरित निस्तारण किया, बल्कि शिकायतकर्ताओं की संतुष्टि को प्राथमिकता में रखते हुए स्थायी समाधान सुनिश्चित किया। शासन द्वारा जारी इस रैंकिंग में शिकायतकर्ताओं के फीडबैक को भी निर्णायक माना गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार के नेतृत्व और अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) चिराग जैन के मार्गदर्शन में यह उल्लेखनीय उपलब्धि संभव हो सकी है। इनके दिशा-निर्देश में पुलिस कर्मियों ने जन शिकायतों के निस्तारण को मिशन मोड में लेकर काम किया, जिसके परिणामस्वरूप यह ऐतिहासिक सफलता मिली।
वरिष्ठ अधिकारियों ने इस उपलब्धि पर जनपद के सभी थाना प्रभारियों और पुलिस कर्मियों की सराहना की है। इस सफलता से आजमगढ़ पुलिस की छवि और मजबूत हुई है तथा नागरिकों में पुलिस के प्रति विश्वास और संतुष्टि की भावना और गहरी हुई है।
