देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। सदर कोतवाली पुलिस ने एसओजी व सर्विलांस टीम के साथ चोरी के आभूषण के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। मामले में तीन आरोपी फरार चल रहे है। पुलिस के अनुसार बरामद आभूषणों की कीमत 24 लाख रूपए बतायी जा रही है।
जानकारी के अनुसार छत्तीसगढ़ बलरामपुर जिला के बसंतपुर थाना क्षेत्र वाड्रफनगर निवासी गिरीश कुमार सोनी पुत्र श्यामनाथ सोनी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया था कि वह बीते 15 अक्टूबर को अपने व्यापार के सिलसिले में वाराणसी गया था। उसी दिन रात्रि 20:25 बजे वह टेंगरा मोड़ वाराणसी से वाड्रफनगर के लिए बस पकड़ी, साथ में उसका रिश्तेदार रामेश्वर सोनी पुत्र जगदीश सोनी भी मौजूद था। वह अपने साथ बैग में लगभग 140 ग्राम सोने के जेवरात व 3 किलोग्राम चांदी के आभूषण लिया था। 16 अक्टूबर को जब वह वाड्रफनगर उतरा तो बैग से सोने व चांदी के जेवरात गायब मिले। बाद वह इसकी सूचना वाड्रफनगर पुलिस को दी, लेकिन आभूषण नहीं मिले। तत्पश्चार पीड़ित ने सदर कोतवाली पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगायी थी। सदर कोतवाली पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत किया था। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में सदर कोतवाली पुलिस ने एसओजी व सर्विलांस टीम के साथ इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के विश्लेषण एवं मुखबिर की सटीक सूचना के आधार पर सफीक खान पुत्र हसन अली निवासी खेरवाजगीर, थाना मानवर, जिला धार (मध्यप्रदेश) को टोंकी रोड थाना मनावर जनपद धार (मध्यप्रदेश) से धर दबोचा। गिरफ्तारी के समय पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सोने एवं चांदी के जेवरात बरामद किया है। एसपी अभिषेक वर्मा ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त सफीक खान ने जानकारी दी है कि वह अपने तीन साथियों जाबिर, अशफाक एवं आबिद के साथ जनपद धार से वाराणसी आया था। 15 अक्टूबर को टेंगरा मोड़ वाराणसी से ही उन्होंने पीड़ितों का पीछा करना शुरू किया। जब बस उरमौरा ढाबा पर रुकी और दोनों व्यापारी खाना खाने उतरे, तभी चारों ने मौका पाकर बैग से सोना व चांदी के जेवरात चोरी कर वापस अपने जनपद धार (मध्यप्रदेश) लौट गए थे। एसपी ने बताया कि सफीक खान को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में जाबिर पुत्र हुसैन निवासी खेरवाजगीर, थाना मानवर, जिला धार (मध्यप्रदेश), अशफाक पुत्र कमाल निवासी खेरवाजगीर थाना मानवर जिला धार (मध्यप्रदेश) व
आबिद पुत्र अमजद अली निवासी खेरवाजगीर थाना मानवर जिला धार (मध्यप्रदेश) फरार चल रहे हैं। इस मौके पर उप निरीक्षक उमाशंकर यादव के अलावा विपिन कुमार जायसवाल, शिवम मौर्य, रितेश पटेल आदि पुलिस कर्मी मौजूद रहे।
.jpeg)