देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र / कोन। नव सृजित विकास खण्ड कोन के ग्राम पंचायत कचनरवा में श्री दुर्गा पूजा समिति बड़ाप द्वारा आयोजित मां दुर्गा की शोभायात्रा ने नवरात्रि तक पूरे कस्बे का माहौल भक्तिमय बना दिया। श्रद्धालुओं ने बताया कि इससे पहले इतनी भव्य शोभायात्रा बड़ाप (कचनरवा) में कभी नहीं देखी गई थी। झारखंड बॉर्डर पर स्थित दुर्गम पहाड़ियों के बीच बड़ाप पंडाल से शुरू हुई मां दुर्गा की जयकारों के साथ शोभायात्रा क्षेत्र के लोहरा खोली, बरवाही खोली, हड़वरिया होते हुए लक्ष्मीनिया दक्षिणी त्रिमुहानी पर पहुंची। इस यात्रा में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। भव्य सजे-धजे वाहनों पर मां दुर्गा की प्रतिमा जब निकली तो लोगों का ध्यान बरबस खींच लिया। रिमझिम बरसात में सड़क किनारे श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। कार्यक्रम को सफल बनाने में स्थानीय लोगों की भूमिका सराहनीय रही। समिति अध्यक्ष बिहारी प्रसाद यादव ने बताया कि पदाधिकारियों और सदस्यों ने सीमित संसाधनों में शानदार शोभायात्रा का आयोजन कर क्षेत्रवासियों का दिल जीत लिया। इसी तरह कोन क्षेत्र में अन्य स्थानों पर भी मां दुर्गा की शोभा यात्रा निकाल कर नदी बांध में विसर्जन किया गया। इस मौके पर मुख्य रूप से पूर्व प्रधान उदय यादव, कैलास राम भारती. रघुवर प्रसाद, रामचंद्र सिंह, बैकुंठ सिंह, संजय आदि श्रद्धालु मौजूद रहे।
.jpeg)