देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। असत्य पर सत्य का प्रतिक पर्व विजयादशमी गुरूवार को समूचे जनपद में धूमधाम से मनाया गया। राम-रावण युद्ध के बाद भगवान श्री राम ने रावण के विशालकाय पुतला का दहन किया। इस दौरान जय श्री राम के जयकारे से समूचा वातावरण भक्तिमय रहा।
नगर के रामलीला मैदान में शाम चार बजे राम-रावण युद्ध के लीला मंचन किया गया। भगवान राम ने रथ पर सवार होकर रावण से युद्ध किया। घंटों चले युद्ध के बाद भगवान श्री राम ने दशानन के नाभी में तीर मारकर उसका वध किया। बाद रामलीला परिसर में बनाए गए रावण के विशालकाय पुतला का भगवान श्री राम ने दहन किया। रावण के पुतला में आग लगते ही मौजूद भक्तों ने जय श्री राम के जयकारे लगाए। इसी तरह चोपन, डाला, शक्तिनगर, शाहगंज, घोरावल, रामगढ़ व खलियारी क्षेत्र में भी विजयादशमी पर रावण वध की लीला का मंचन किया गया। बीजपुर संवाददाता के अनुसार : एनटीपीसी रिहंद में शारदीय नवरात्र की संपन्नता के साथ ही विजयादशमी का पर्व परंपरागत ढंग से
मनाया गया। सोन शक्ति स्टेडियम में विजयादशमी के अवसर पर आयोजित रावण दहन हुआ। इस आयोजन में बहुत संख्या में लोग रावण दहन देखने पहुंचे थे। रावण के धरती पर गिरते ही वातावरण जयघोष से गूंज उठा तथा रावण दहन का कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया। उल्लेखनीय है कि एनटीपीसी रिहंद के सोन शक्ति स्टेडियम में गुरुवार को असत्य पर सत्य, अधर्म पर धर्म, बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक दशहरा पर्व का भव्य आयोजन किया गया था। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि अनिल श्रीवास्तव कार्यकारी निदेशक (रिहंद) ने भगवान श्री राम का पूजन-अर्चन करके किया। रावण दहन से पूर्व सोनशक्ति स्टेडियम में रंग बिरंगी आतिशबाजी का प्रदर्शन हुआ, जिसका उपस्थित भीड़ ने काफी आनंद उठाया। आतिशबाजी प्रदर्शन के उपरांत मुख्य अतिथि ने विधिवत पूजा करके विशालकाय रावण के पुतले को जलाया। मुख्य अतिथि अनिल श्रीवास्तव ने समाज में व्याप्त बुराईयों को दूर कर सत्य, भलाई. सत्कर्म, त्याग, संयम, धर्म एवं कल्याणकारी समाज की कामना करते हुए सभी को दशहरा पर्व की बधाई एवं शुभकामना दी। इस मौके पर सभी महाप्रबंधक, विभागाध्यक्ष, वर्तिका महिला मण्डल की अध्यक्षा शिखा श्रीवास्तव आदि मौजूद रहीं।
