देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। दुद्धी कोतवाली क्षेत्र में शनिवार की रात एक शोदी समारोह में किसी बात को लेकर उपजे विवाद के बाद एक युवक पर धारदार हथियार से हमला किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल युवक को गांव के ही एक गड्ढे से बरामद कर उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र दुद्धी में भर्ती कराया। जहां उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। समाचार लिखे जाने तक उसकी हालत गंभीर बनी रही।
जानकारी के अनुसार क्षेत्र के दिघुल गांव निवासी सरगम बीते शनिवार रात विनोद मोड़ स्थित एक शादी समारोह में गया था। देर रात तक जब वह घर वापस नहीं लौटा तो परिवार के लोगों ने उसकी खोजबीन शुरू किया, लेकिन रात होने के कारण उसका कहीं पता नहीं चला। रविवार की सुबह गांव के पास स्थित एक गड्ढे में वह खून से लथपथ घायलावस्था में मिला। बाद सूचना पर पहुंची पुलिस ने वस्तु स्थिति का जायजा लेने के बाद उसे आनन-फानन में उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी में भर्ती कराया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर बताते हुए जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार घायल सरगम के सर सहित शरीर पर कई जगहों पर गंभीर चोटें लगी है।
उधर चर्चाओं पर गौर करें तो शादी समारोह में सरगम नशे की हालत में पहुंचा था। बारात में उसका कुछ लोगों से विवाद हुआ था। इसे लेकर घराती पक्ष के कुछ युवकों ने उस पर धारदार हथियार से हमला किया था। वहीं घायल युवक के बड़े भाई श्रवण कुमार का आरोप है कि बारात में उक्त युवकों द्वारा उसके छोटे भाई पर टंगारी से हमला कर घायल करने के बाद उसे मरा समझकर गड्ढे में फेंक दिया गया है। मामले में कोतवाल प्रभारी मनोज सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।