देवल, ब्यूरो चीफ, सोनभद्र। चोपन थाना क्षेत्र के बेलदहा गांव में मामूली विवाद को लेकर युवक की हत्या में शामिल एक बाल अपचारी किशोरी समेत तीन अभियुक्तों को पुलिस ने गिरफ्तार कर कानून के हवाले कर दिया। पुलिस के अनुसार हत्यारोपी राजेन्द्र उर्फ अशोक पुत्र श्रीराम, मालती देवी पत्नी राजेन्द्र व उसकी 14 वर्षीय नाबालिक लडकी को गिरफ्तार किया गया है। जानकारी के अनुसार बेलदहा गांव में राजेन्द्र उर्फ अशोक ने अपनी पत्नी मालती देवी व नाबालिग पुत्री के साथ मिलकर अपने छोटे भाई की लाठी-डंडा व हथौड़ी से वार कर मौत के घाट उतार दिया था। मृतक के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने हत्यारोपियों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही थी। पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा के निर्देशन में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के क्रम में रविवार को पुलिस ने पंजीकृत मुकदमा संख्या 170/2025 संबंधित उक्त तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर कानून के हवाले कर दिया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त आलाकत्ल हथौडी व डंडा बरामद कर लिया गया है। इस मौके पर उप निरीक्षक अभयनाथ सिंह यादव, हेड कांस्टेबल रूद्रकांत यादव, महिला कांस्टेबल आरती देवी मौजूद रहीं।