मुगल बादशाह औरंगजेब पर पूरे देश में सियासत गर्म है। महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में औरंगजेब का मकबरा मौजूद है। अब महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि सभी का मानना है कि छत्रपति संभाजीनगर में स्थित मुगल बादशाह औरंगजेब का मकबरा हटा दिया जाना चाहिए। मगर यह काम कानून के दायरे में किया जाना चाहिए, क्योंकि पिछली कांग्रेस सरकार ने इस स्थल को भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) के संरक्षण में दे दिया था।
हम सभी यही चाहते हैं: फडणवीस
छत्रपति शिवाजी महाराज के वंशज और सतारा से भाजपा सांसद उदयनराजे भोसले ने छत्रपति संभाजीनगर जिले में स्थित औरंगजेब की समाधि को हटाने की मांग की थी। शनिवार को भोसले की मांग पर सीएम फडणवीस ने कहा कि हम सभी भी यही चाहते हैं। मगर आपको इसे कानून के दायरे में करना होगा, क्योंकि यह एक संरक्षित स्थल है। इस स्थल को कुछ साल पहले कांग्रेस शासन के दौरान एएसआई के संरक्षण में शामिल किया गया था।