देवल संवाददाता, गोरखपुर ।नौका विहार जेटी पर लड़कियों को देखकर अश्लील गाना गाने वाले दो युवकों को रामगढ़ताल पुलिस सोमवार रात 11 बजे गिरफ्तार कर थाने लाई। पूछताछ में आरोपियों की पहचान गीडा थाना क्षेत्र के नौसड़ निवासी अविनाश गुप्ता और सरवन गुप्ता के रूप में हुई। रामगढ़ताल थाने की पुलिस ने दोनों पर सार्वजनिक स्थान पर अश्लील हरकत करने की धारा में केस दर्ज कर लिया है।
रामगढ़ताल थाना प्रभारी चितवन ने बताया है कि पुलिस को सूचना मिली थी कि नौका विहार जेटी पर आने जाने वाली लड़कियों को देखकर दो युवक अविनाश और सरवन अश्लील गाने गाते हैं और अपशब्द का भी प्रयोग करते हैं। सूचना पर जेटी की तरफ पुलिस गई तो वहां दोनों आरोपी अश्लील गाना गा रहे थे।
पुलिस को देखकर दोनों भागने लगे। पुलिस कर्मियों ने दौड़ाकर दोनों को दबोच लिया। पूछताछ करने पर वे माफी मांगने लगे। बोले अब कभी लड़की या महिला को अपशब्द नहीं कहूंगा। अश्लील गाना भी नहीं गाएंगे।