राकेश, देवल ब्यूरो।सोनभद्र। जिलाधिकारी बीएन सिंह ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट के जन सुनवाई कक्ष में इको प्वाइंट के सौन्दर्यीकरण कार्य में तेजी लाने हेतु निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। जिलाधिकारी ने निर्माण एजेन्सी आरईडी के अधिशासी अभियन्ता को निर्देशित करते हुए कहा कि इंको प्वाइंट जनपद के प्रमुख पर्यटन स्थलों में से एक आकर्षण का केन्द्र है, जहां पर भारी संख्या में टूरिज्म का आना जाना लगा रहता है। पर्यटक स्थल इको प्वाइंट के सौन्दर्यीकरण हेतु रेलिंग एवं इण्टर लाकिंग, वाउण्ड्रीवाल का निर्माण कार्य जो किया जाना है, उसे अतिशीघ्र पूर्ण किया जाये। अधिशासी अभियन्ता आरईडी ने बताया कि इको प्वाइंट का गजीबो, कैफेरिया, चौकीदार कक्ष, सेल्फी प्वाइंट, सजावटी घास, पेड़ एवं बच्चों के लिए झूले आदि का कार्य किये जाने हैं, जिसे शीघ्र पूर्ण किया जायेगा। जिलाधिकारी ने पर्यटन अधिकारी को निर्देशित किया कि इको प्वाइंट के निर्माण कार्य पूर्ण होने पर तत्काल हैण्डओवर की कार्यवाही सुनिश्चित करें और प्वाइंट पर बनी कैन्टीन व वाहन पार्किंग के टेण्डर की प्रक्रिया पूर्ण करा ली जाये। इस मौके पर अपर जिलाधिकारी सहदेव कुमार मिश्र, प्रभारी मुख्य विकास अधिकारी शेषनाथ चौहान समेत अन्य सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहे।
