देवल संवाददाता, लखनऊ।राजधानी लखनऊ में दुबग्गा के अंधे की चौकी स्थित बालाजी अस्पताल में सोमवार तड़के इलाज में डॉक्टरों की लापरवाही से मजदूर की मौत हो गई। मृतक के परिवारीजनों ने अस्पताल के बाहर शव रखकर प्रदर्शन किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को शांत कराया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
महिपतमऊ निवासी अयोध्या लोधी ने बताया कि भाई बब्लू मजदूरी करता था। बब्लू को शनिवार से बुखार आ रहा था, जिसके बाद बब्लू को कसमंडी रोड स्थित न्यू बालाजी अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां इलाज के दौरान सोमवार तड़के उसकी मौत हो गई।
तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी
मरीज की मौत की सूचना पर परिवारीजनों ने डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल के बाहर ही शव रखकर प्रदर्शन करने लगे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीन घंटे बाद आक्रोशित परिवारीजनों को समझाकर शांत कराया। इंस्पेक्टर अभिनव वर्मा ने बताया कि परिवारीजनों से तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
