राकेश, देवल ब्यूरो,ओबरा सोनभद्र । स्थानीय कोतवाली क्षेत्र अन्तर्गत न्यू कॉलोनी सेक्टर 9 में शुक्रवार की रात बंद पड़ी खदान में एक युवक गिर गया। सैकड़ों फीट गहरी खदान में पानी भरा होने से वह डूब गया। युवक अपने दोस्तों के साथ खदान के ऊपर पार्टी मनाने गया था। इसी दौरान वह फिसलकर नीचे गिर गया। सुबह गोताखोरों की मदद से पुलिस शव की तलाश शुरू की। देर शाम तक सफलता नहीं मिल पाई थी। उधर युवक के डूबने की खबर लगते ही परिजनों में मातम छा गया। बताया गया कि मृतक की पहचान अशोक सिंह 25 पुत्र धर्मजीत सिंह के रूप में हुई है। शुक्रवार की रात अशोक अपने दो भाइयों सहित पांच लोगों के साथ खदान के ऊपर बने एक कमरे में पार्टी मना रहा था। इसी दौरान रात अशोक अनियंत्रित होकर गहरी खदान में गिर गया। अपने भाई को बचाने के लिए छोटा भाई जितेंद भी खदान में कूद गया, लेकिन वह उसे बचा नहीं सका। अंधेरा होने के कारण तत्काल खोजबीन संभव नहीं हो पाई। सूचना पर पहुंची पुलिस गोताखोरों की मदद से शव की तलाश शुरू की। स्थानीय लोगों ने खदान क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था के अभाव पर चिंता व्यक्त करते हुए प्रशासन से उचित कदम उठाने की मांग की है। सीओ हर्ष पांडेय ने बताया कि खदान दस वर्ष से बंद है। उसके ऊपर स्थित खंडहर नुमा कमरे में युवक पार्टी मना रहे थे। डूबे युवक की तलाश जारी है। एसडीआरएफ को भी सूचना दी गई है। समाचार दिये जाने तक युवक का पता नहीं चल सका था।