आमिर। ब्यूरो चीफ। देवल।जौनपुर। शारदीय नवरात्रि की नवमी का पर्व जनपद में शुक्रवार को धूमधाम से पूरी आस्था के साथ मनाया गया। इसके साथ ही नव दिवसीय मां दुर्गा पूजनोत्सव का समापन हुआ। देवी मंदिरों व पूजन पंडालों में मां भगवती के जयकारे से परिवेश गुंजायमान रहा। हवन के बाद मां भगवती की स्वरुप नौ कन्याओं का पूजन किया गया। जिलाधिकारी डॉ दिनेश चंद्र ने भी अपने आवास पर मां भगवती के नौ स्वरूपों की प्रतीक नौ कन्याओं का पूजन कर नवरात्र की आराधना पूरी की। मंत्रोच्चार के बीच पूजन प्रक्रिया में उन्होंने नौ कन्याओं और एक बटुक भैरव के पांव पखार कर उन्हें अपने हाथ से भोजन कराया और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। जिलाधिकारी ने पहले कन्याओं के पैर धोये उसके बाद उनको टीका लगाया। इसके बाद कन्याओं को किताबों के साथ स्कूल बैग टिफिन और अन्य उपहार दिया। जिलाधिकारी ने जनपदवासियों को शारदीय नवरात्रि की नवमी तिथि तथा दशहरा की हार्दिक शुभकामनाएं दी और त्योहार को सौहार्दपूर्ण वातावरण में हर्षोल्लास के साथ मनाने की अपील किया।