बलिया में भाजपा कार्यालय पर शक्ति वंदन कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें महिलाओं के साथ चाय पर भी चर्चा की गई। भाजपा जनों ने इस दौरान 10 सालों में मजबूत हुई। महिलाओं की स्थिति और उनके बढ़े सम्मान के बारे में बताया। सोमवार को बलिया के हनुमानगंज स्थित भाजपा कार्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले महिलाओं को सम्मानित भी किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, सांसद वीरेन्द्र सिंह मस्त, राज्यसभा सदस्य नीरज शेखर तथा भाजपा जिलाध्यक्ष संजय यादव द्वारा सामूहिक रूप से किया गया। कार्यक्रम में कई एनजीओ, स्वयं सहायता समूह से जूडी महिलाएं, पर्यावरणविद, स्वास्थ्य, शिक्षा पर काम करने वाली महिलाओं के साथ लाभार्थी व मातृ शक्ति ने भाग लिया। परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि देश की महिलाएं पुरुषों से कदम ताल करते हुए जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में अपनी ताल ठोक रही हैं। उन्होंने कहा कि रक्षा, शिक्षा, चिकित्सा, खेल और विज्ञान आदि क्षेत्रों में महिला शक्ति अपने नेतृत्व का लोहा मनवा रही हैं।सांसद वीरेन्द्र सिंह मस्त ने कहा कि आज नारी किसी भी मामले में कम नहीं है। पायलट से लेकर लोको पायलट के रूप में काम कर रही है। समाज बेटा बेटियों में अंतर नहीं समझ रहा है। इसका श्रेय प्रधानमंत्री मोदी जी को ही जाता है।राज्य सभा सांसद नीरज शेखर ने कहा कि भाजपा ने शक्ति वंदन अभियान के तहत देशभर में 10 करोड़ से अधिक महिलाओं को विकसित भारत के संकल्प से जोड़ने का लक्ष्य रखा है।जिलाध्यक्ष संजय यादव ने कहा कि भारत की महिला पूरे देश को दिशा दे रही है। देश में प्रथम व्यक्ति के रूप में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू समस्त महिला शक्ति का गौरव बढ़ा रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश की नारी शक्ति दुनिया में परचम लहरा रही है। भाजपा सरकार में देश की महिला आर्थिक सामाजिक रूप से सशक्त हुई है। संचालन प्रदीप सिंह ने किया। इस मौके पर नितु पाण्डेय, रंजना राय, श्वेता राय आदि लोग रहे।