आजमगढ़ के बरदह थाना क्षेत्र के मार्टिनगंज में पूर्व प्रधान रणविजय यादव उर्फ रन्नू की गोली मारकर हत्या के मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पूर्व प्रधान की 8 फरवरी की शाम को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में मृतक के चचेरे भाई चन्देलाल ने मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस इस मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश कर रही थी। उसी क्रम में गिरफ्तारी की गई।पुलिस को दिए शिकायती पत्र में चन्देलाल ने आरोप लगाया कि 8 फरवरी को जब पूर्व प्रधान घर से बाहर बाइक से निकले थे। उसी समय आरोपियों ने रोककर गोली मार दी। गोली लगने से रणविजय यादव गिर पड़े और इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। जहां अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया था।इस मामले की विवेचना कर रही बरदह थाने की पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से तमंचा, कारतूस और घटना में प्रयुक्त कारतूस को भी बरामद किया गया है। आरोपियों में महेन्द्र यादव, वीरेन्द्र यादव, फुर्तीलाल यादव, सुरेश यादव, रामगनी यादव और छोटेलाल यादव को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय भेजा जा रहा है। जहां से जेल रवाना किया जाएगा। पुलिस का कहना है कि मामले में वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



