देवल संवाददाता लालगंज (आजमगढ़) देवगांव में रामलीला के दौरान श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को होने वाली परेशानियों को लेकर श्रीराम लीला सेवा संघ देवगांव ने जिला प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया है। संघ के अध्यक्ष धीरेंद्र कुमार गुप्ता गोरख के नेतृत्व में जिलाधिकारी आजमगढ़ के नामित उपजिलाधिकारी नेहा मिश्रा को ज्ञापन सौंपकर रामलीला मार्ग की बदहाल स्थिति, सड़क पर बह रहे गंदे पानी, जगह-जगह बने गड्ढों और रामलीला मैदान के सामने जमा कूड़े की समस्या के समाधान की मांग की गई। ज्ञापन में कहा गया है कि देवगांव में आयोजित होने वाली रामलीला के दौरान भगवान श्रीराम एवं माता जानकी की रथयात्रा 12 दिनों तक बाजार में निकलती है। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग रथयात्रा में शामिल होते हैं। रामलीला का प्रथम और अंतिम दिन विशेष रूप से महत्वपूर्ण होता है, क्योंकि इन दिनों रथयात्रा पूरे बाजार का भ्रमण करती है। ऐसे में सड़कों की खराब स्थिति और जलभराव के कारण लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। देवगांव मेहनाजपुर मार्ग पर बह रहा गंदा पानी ज्ञापन के अनुसार, देवगांव -मेहनाजपुर मार्ग पर नाबदान का गंदा पानी सड़क पर बह रहा है। इसके चलते सड़क की स्थिति खराब होती जा रही है। गंदे पानी के कारण आवागमन में परेशानी होने के साथ ही आसपास गंदगी फैलने की समस्या भी बनी हुई है। वहीं, देवगांव -वाराणसी मार्ग पर उसरैली क्षेत्र में सड़क पर जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं। इन गड्ढों के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी होती है। इस अवसर पर आशु सिंह, गोलू, धीरेन्द्र गुप्ता, गोरख, राजकुमार जायसवाल, एडोवोकेट राजेंद्र प्रसाद, (उर्फ़) खन्ना,अरुण चौरसिया आदि सहित लोग मौजूद रहे।
