देवल संवाददाता लालगंज (आजमगढ़ ) तहसील लालगंज के सभागार में निर्वाचक नामावली के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के संबंध में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों, बूथ लेवल अधिकारियों बीएलओ एवं सुपरवाइजरों की बैठक उपजिलाधिकारी नेहा मिश्रा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में उपजिलाधिकारी नेहा मिश्रा ने निर्वाचक नामावली के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की जानकारी देते हुए कहा कि मतदाता सूची में छूटे हुए पात्र मतदाताओं के नाम शामिल कराने पर विशेष ध्यान दिया जाए। इसके साथ ही पहली बार मतदान के पात्र युवा मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने महिला मतदाताओं के नाम जोड़ने तथा मतदाता सूची में महिला एवं पुरुष मतदाताओं के अनुपात (जेंडर रेशियो) को बेहतर बनाने से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी विस्तार से जानकारी दी। बैठक में बीएलओ एवं सुपरवाइजरों को अभियान के दौरान निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार कार्य करने तथा पात्र मतदाताओं को मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया गया। बैठक का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना रहा कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रह जाए और निर्वाचक नामावली को अधिक समावेशी एवं त्रुटिरहित बनाया जा सके। इसइस अवसर पर तहसीलदार लालगंज शिव प्रकाश सरोज, नायब तहसीलदार कनक सिंह, बीडीओ विनीत यादव, न्यायिक तहसीलदार विवेकानंद दुबे, हामिद अली पंकज सिंह, रामसेवक यादव, धर्मराज सिंह, आदर्श राय संतोष राय सहित आदी लोग उपस्थित रहे।
