गुलाम जम्मू-कश्मीर (PoK) में सरकार संभालने जा रही PML (N), महीनों की हिंसा के बाद प्रदर्शनकारियों से निपटने के मामले में बैकफुट पर आती दिखाई दे रही है।
प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के सलाहकार राणा सनाउल्लाह ने शनिवार को कहा कि PoK में 99 प्रतिशत प्रदर्शनकारी देशभक्त हैं।
JAAC के सदस्यों से मिलेंगे पार्टी के प्रतिनिधि- राणा सनाउल्लाह
उन्होंने कहा कि पार्टी के प्रतिनिधि जल्द ही प्रतिबंधित 'जॉइंट अवामी एक्शन कमेटी' (JAAC) के सदस्यों से मिलेंगे। यह कार्यकर्ताओं का एक समूह है जो क्षेत्र में विरोध प्रदर्शनों का नेतृत्व कर रहे हैं।
कुछ दिनों पहले तक, पार्टी का कहना था कि प्रदर्शनकारियों के बीच प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन 'तहरीक-ए-तालिबान' के सदस्य मौजूद थे, ताकि सरकार की कार्रवाई को सही ठहराया जा सके।
JAAC कमेटी से जुड़े 99 प्रतिशत लोग देशभक्त- राणा सनाउल्लाह
PoK में चुनाव के तीसरे चरण से पहले शनिवार को एक रैली को संबोधित करते हुए सनाउल्लाह ने कहा, 'JAAC कमेटी से जुड़े 99 प्रतिशत लोग हमारे देशभक्त भाई हैं।'
सनाउल्लाह ने कहा,'जब दो-तिहाई बहुमत के साथ PML(N) की सरकार बनेगी, तो वह 'जॉइंट अवामी एक्शन कमेटी' के प्रतिनिधियों के प्रतिनिधियों के साथ बातचीत करेगी। उनका पहला काम इस मुद्दे को हल करना होगा।'
PML(N) ने दो चरणो ं में 25 सीटें जीती
अब तक हुए चुनावों के दो चरणों में सत्ता समर्थित PML(N) ने 25 सीटें जीती हैं, जो PoK की तथाकथित विधानसभा में बहुमत का आंकड़ा पार कर गया है, जिसमें 45 चुनी हुई सीटें हैं। यह जीत बड़े पैमाने पर हिंसा और भारी धांधली के आरोपों के बीच मिली हैं।
PML(N)के लिए यह मुकाबला सीधे PPP के साथ था, जो संघीय संरकार में उसकी गठबंधन सहयोगी है। तीसरे और आखिरी चरण में, सोमवार को चार सीटों पर वोटिंग होगी, जबकि सात निर्वाचन क्षेत्रों में चुनाव अनिश्चित काल के लिए टाल दिए गए हैं।
