राम मंदिर चंदा चोरी पर संसद परिसर में विरोध प्रदर्शन को लेकर वाराणसी पुलिस ने लोकसभा सांसद राहुल गांधी, सांसद पप्पू यादव और अवधेश प्रसाद के खिलाफ FIR दर्ज की है। धार्मिक भावनाएं आहत करने को लेकर संत समाज की शिकायत पर यह FIR दर्ज की गई है।
इस मामले में कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने राहुल गांधी का बचाव किया। उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार आरोपों पर ध्यान देने की बजाय असली मुद्दों को नजरअंदाज कर रही है।
सांसदों पर दर्ज की जा रही है एफआईआर
पवन खेड़ा ने कहा कि सरकार मंदिर के चंदे से जुड़े आरोपों को नजरअंदाज करते हुए विपक्षी नेताओं के खिलाफ केस दर्ज करने पर ध्यान दे रही है। सांसदों पर FIR दर्ज की जा रही हैं, लेकिन सरकार यह भूल जाती है कि जब चंदा चोरी होता है, तो इससे भक्तों की भी भावनाएं आहत होती हैं।
संसद परिसर में किया था प्रदर्शन
दरअसल, यह पूरा विवाद संसद परिसर में हुए एक प्रदर्शन को लेकर शुरू हुआ। बिहार के पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव भगवा कपड़े पहनकर संत के वेश में संसद परिसर में पहुंचे और दूसरे विपक्षी सांसदों के साथ राम मंदिर के चंदे में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए डोनेशन बॉक्स के साथ एक प्रदर्शन किया।
इस विरोध प्रदर्शन के बाद काफी हंगामा हुआ। बीजेपी ने इस सनातन का अपमान बताया। इस प्रदर्शन के बाद बांसुरी स्वराज समेत बीजेपी नेताों ने दिल्ली में शिकायत दर्ज कराई, जिसमें विपक्षी नेताओं पर हिंदू धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाया।
वहीं वाराणसी में इस प्रदर्शन को लेकर संत समाज ने आक्रोश जताया और एफआईआर दर्ज कराई। वाराणसी के अलावा पप्पू यादव के खिलाफ दिल्ली में एक और शिकायत दर्ज की गई है।
पुलिस के अनुसार, बीएनएस की कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है, जिनमें समूहों के बीच शत्रुता को बढ़ावा देना, धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के इरादे से जानबूझकर किए गए कृत्य और सामान्य इरादे से किए गए अपराध शामिल हैं।
