देवल संवाददाता, आजमगढ़। जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र में रविवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में रोडवेज बस की टक्कर से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ जुट गई।
जानकारी के अनुसार, समुंदरपुर गांव निवासी अदीद (19) पुत्र सलीम और अदिल (18) पुत्र जैश बाइक से गैस एजेंसी की ओर जा रहे थे। सगड़ी तहसील स्थित सीओ आवास से करीब 100 मीटर आगे पहुंचे ही थे कि दोहरीघाट से आजमगढ़ की ओर जा रही रोडवेज बस ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे में अदीद की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अदिल को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
सूचना पर जीयनपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त रोडवेज बस को भी कब्जे में ले लिया है। घटना की सूचना मिलने पर परिवहन निगम की जेएसआई चंद्रकला शुक्ला भी मौके पर पहुंचीं और दुर्घटना की जानकारी ली।
युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया है, जबकि गांव में शोक का माहौल है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है
