मीरगंज पुलिस की कार्रवाई, गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में चल रहा था वांछित
आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मीरगंज पुलिस को रविवार को बड़ी सफलता मिली। पुलिस टीम ने ₹25 हजार के इनामी वांछित अभियुक्त सुजीत चौहान को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट समेत कई धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं और वह लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर चल रहा था।
पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह के निर्देशन में जिले में वांछित एवं इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आतिश कुमार सिंह तथा क्षेत्राधिकारी मछलीशहर प्रतिमा वर्मा के पर्यवेक्षण में मीरगंज पुलिस को आरोपी के संबंध में सूचना मिली।
थानाध्यक्ष अरविन्द कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए अभियुक्त की पहचान सुजीत चौहान पुत्र नायब चौहान, निवासी मोलनापुर, थाना मीरगंज, जौनपुर के रूप में हुई।
गैंगस्टर एक्ट में था वांछित
पुलिस ने बताया कि सुजीत चौहान के खिलाफ मु0अ0सं0 93/26, धारा 3(1) यूपी गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है। इसी मामले में वह वांछित चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस की ओर से 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
पहले से दर्ज हैं मुकदमे
पुलिस के मुताबिक आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। मीरगंज थाने में उसके खिलाफ मु0अ0सं0 133/25 के तहत धारा 115(2), 352, 351(2), 109, 249, 3(5), 61(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज है। इसके अलावा गैंगस्टर एक्ट का मामला भी दर्ज है। पुलिस अब आरोपी के अन्य आपराधिक मामलों और गतिविधियों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।
पुलिस टीम रही शामिल
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष अरविन्द कुमार सिंह, उपनिरीक्षक देवानन्द, कांस्टेबल अरविन्द कुमार सिंह, कांस्टेबल प्रांशु कुमार मिश्रा, रिजर्व कांस्टेबल आकाश कुमार, ओमकार मौर्या, शिवम कुमार पासवान, अभय पाण्डेय तथा रिजर्व महिला कांस्टेबल रिया शुक्ला शामिल रहीं।
पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए उसे संबंधित न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों और वांछित अभियुक्तों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
.jpeg)