देवल संवाददाता, मऊ। अपर जिलाधिकारी प्रवेंद्र कुमार की अध्यक्षता में आगामी 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस समारोह को गरिमामय एवं व्यवस्थित ढंग से आयोजित किए जाने के संबंध में बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जनपद स्तर पर आयोजित किए जाने वाले विभिन्न कार्यक्रमों एवं तैयारियों की विस्तृत चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान नगर मजिस्ट्रेट रमेश बाबू ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा, समय-सारिणी तथा विभागवार दायित्वों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि शासन के निर्देशों के अनुरूप सभी कार्यक्रमों का आयोजन निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार कराया जाएगा।बैठक को संबोधित करते हुए अपर जिलाधिकारी प्रवेंद्र कुमार ने कहा कि सभी जनपद स्तरीय अधिकारी शासन द्वारा निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार ही अपने-अपने कार्यालयों में ध्वजारोहण करेंगे। उन्होंने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद एवं सभी नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों को निर्देशित किया कि शहीद स्थलों,स्मारकों तथा प्रमुख सार्वजनिक स्थानों की व्यापक साफ-सफाई सुनिश्चित कराई जाए,ताकि स्वतंत्रता दिवस समारोह पूरी गरिमा एवं स्वच्छ वातावरण में संपन्न हो सके।उन्होंने जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देश दिए कि ग्राम पंचायतों में भी विशेष स्वच्छता अभियान चलाते हुए सार्वजनिक स्थलों,पंचायत भवनों तथा अन्य महत्वपूर्ण स्थानों की साफ-सफाई सुनिश्चित कराई जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि 13 अगस्त से 15 अगस्त तक समस्त सरकारी एवं अर्धसरकारी कार्यालयों, अधिकारी आवासों,शैक्षणिक संस्थानों,आंगनबाड़ी केंद्रों, अस्पतालों,वाणिज्यिक एवं औद्योगिक प्रतिष्ठानों सहित अन्य सार्वजनिक स्थलों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाए तथा रात्रि में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।अपर जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि 13 अगस्त से 15 अगस्त तक शासन के निर्देशानुसार सभी सरकारी एवं सार्वजनिक प्रतिष्ठानों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा तथा प्रतिदिन संध्या समय राष्ट्रीय ध्वज को पूर्ण सम्मान के साथ उतारकर आजादी के स्मृति-चिह्न के रूप में सुरक्षित रखा जाएगा।मुख्य राजस्व अधिकारी दिनेश ने कहा कि ध्वजारोहण कार्यक्रम शासन द्वारा जारी प्रोटोकॉल एवं ध्वज संहिता के अनुरूप ही आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि सरकारी कार्यालयों के साथ-साथ जनपद के सभी शहीद स्मारक स्थलों पर भी राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। उन्होंने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि विद्यालयों में ध्वजारोहण के समय यह विशेष रूप से सुनिश्चित किया जाए कि राष्ट्रीय ध्वज किसी भी स्थिति में क्षतिग्रस्त,फटा अथवा फीका न हो तथा ध्वज संहिता का पूर्णतः पालन किया जाए।बैठक में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों के सफल संचालन हेतु विभागीय समन्वय, स्वच्छता,सुरक्षा,प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई तथा सभी अधिकारियों को समयबद्ध ढंग से तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।बैठक में परियोजना निदेशक ग्राम्य विकास अभिकरण सुभाष सरोज,नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष अरशद जमाल,जिला विद्यालय निरीक्षक गौतम प्रसाद, जिला कार्यक्रम अधिकारी रंजीत कुमार,उप जिलाधिकारी सदर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
