आमिर, देवल ब्यूरो ,मुंगराबादशाहपुर । जौनपुर, 14 जुलाई। मुंगराबादशाहपुर क्षेत्र के सराय रुस्तम (कमालपुर) गांव की होनहार पेंचक सिलाट खिलाड़ी आरती गौतम का चयन 15 से 25 जुलाई तक वियतनाम में आयोजित होने वाली 10वीं सीनियर एशियन पेंचक सिलाट चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में हुआ है। वह गांडा स्पर्धा में भारत की ओर से चुनौती पेश करेंगी। उनके चयन से जौनपुर सहित पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है और खेल प्रेमियों ने इसे जिले के लिए गौरव का क्षण बताया है।
स्वर्गीय कृष्ण चंद्र गौतम की पुत्री आरती ने सीमित संसाधनों और आर्थिक कठिनाइयों के बावजूद अपने कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर कई स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीतकर अपनी अलग पहचान बनाई है। कराटे में ब्लैक बेल्ट हासिल कर चुकी आरती ने पेंचक सिलाट में भी लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। उनकी सफलता के पीछे प्रशिक्षक छोटेलाल बिंद और पेंचक सिलाट कोच रामजीत का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
आरती ने फेडरेशन कप, ऑल इंडिया पेंचक सिलाट चैंपियनशिप, खेलो इंडिया समेत कई राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर भारतीय टीम में जगह बनाई। अब वह पहली बार एशियाई स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।
वियतनाम रवाना होने से पहले आरती ने कहा कि देश के लिए खेलना उनका बचपन का सपना रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि वह चैंपियनशिप में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीतकर भारत का तिरंगा शान से लहराने का पूरा प्रयास करेंगी।
आरती की अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भागीदारी के लिए आर्थिक सहयोग भी आगे आया। समाजवादी पार्टी के नेताओं और स्थानीय उद्योगपतियों ने संयुक्त रूप से उन्हें ढाई लाख रुपये की सहायता प्रदान की। वियतनाम रवाना होने से पहले उनके गांव से प्रयागराज रेलवे स्टेशन तक भव्य विदाई दी गई। सहसों में समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने उनका स्वागत कर जीत की शुभकामनाएं दीं। जिले के खिलाड़ियों, खेल संगठनों और आम लोगों ने आरती के उज्ज्वल प्रदर्शन और भारत के लिए पदक जीतने की कामना की है।
