आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। जौनपुर उद्योग व्यापार मंडल ने जौनपुर जंक्शन को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने और व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रेलवे अधिकारियों के समक्ष कई महत्वपूर्ण मांगें रखीं। संगठन के जिलाध्यक्ष दिनेश टंडन ने रेलवे मंत्रालय के निर्देश पर वाराणसी से आए उत्तर रेलवे के वाणिज्य निरीक्षक (सीएमआई) रामनिवास यादव से मुलाकात कर जौनपुर रेलवे स्टेशन के समग्र विकास से संबंधित सुझावों का ज्ञापन सौंपा।
दिनेश टंडन ने कहा कि जौनपुर एक ऐतिहासिक और प्रमुख व्यापारिक शहर है, लेकिन रेलवे सुविधाओं के अभाव में यहां के व्यापार और उद्योग को अपेक्षित लाभ नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने जंक्शन पर रेलवे यार्ड, वॉशिंग सेंटर, शेडिंग सुविधा और माल ढुलाई के लिए साइडिंग रैक की स्थापना की मांग करते हुए कहा कि इससे स्थानीय व्यापारियों, किसानों और उद्यमियों को बड़ी राहत मिलेगी तथा माल परिवहन अधिक सुगम होगा।
बैठक के दौरान सब्जी-फल व्यापार समिति के महामंत्री एवं प्रदेश मंत्री महेंद्र सोनकर ने भी जौनपुर जंक्शन पर आवश्यक रेलवे ढांचे के शीघ्र विकास की मांग की। उन्होंने जौनपुर को देश के प्रमुख व्यावसायिक शहरों से जोड़ने के लिए 'मां शीतला एक्सप्रेस' नाम से नई ट्रेन संचालित किए जाने का सुझाव भी दिया।
प्रदेश उपाध्यक्ष सोमेश्वर केसरवानी ने कहा कि रेलवे की उपेक्षा के कारण जौनपुर का प्रसिद्ध चमेली सुगंधित तेल उद्योग भी प्रभावित हुआ है। वहीं नगर उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष राधेरमण जायसवाल तथा सब्जी-फल व्यापार समिति के अध्यक्ष राजमणि यादव ने जौनपुर जंक्शन को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने और नई ट्रेनों का संचालन शुरू करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
इस अवसर पर संतोष अग्रहरि, छब्बूलाल सोनकर, रामकुमार साहू, सुरेश सोनकर, नरसिंह अवतार जायसवाल, रामआसरे मौर्य, रत्तीलाल सोनकर, आशीष माली, पप्पू सोनकर, बाबाजी, विजय सोनकर, राकेश जायसवाल, यशवंत साहू, चंदन जायसवाल सहित बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।
