कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर । विवेकानंद शिशुकुंज सीनियर सेकेंडरी स्कूल, एनटीपीसी टांडा में आज छात्र संसद एवं कन्या भारती के नवनिर्वाचित सांसदों एवं पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता एवं माँ सरस्वती के चित्र पर पुष्पांजलि एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात विद्यालय के प्रधानाचार्य ने सभी नवनिर्वाचित सांसदों एवं पदाधिकारियों को सत्यनिष्ठा, अनुशासन, सेवा, नेतृत्व एवं उत्तरदायित्व के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की प्रेरणा दी।
अपने संबोधन में प्रधानाचार्य ने कहा कि छात्र संसद विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, लोकतांत्रिक मूल्यों, संगठन कौशल एवं सेवा भावना के विकास का प्रभावी माध्यम है। वहीं कन्या भारती की पदाधिकारी छात्राएँ विद्यालय में संस्कार, अनुशासन, स्वच्छता एवं महिला सशक्तिकरण की प्रेरक बनेंगी।
कार्यक्रम के विशेष अतिथि एसo केo पाठक व मुख्य अतिथि डॉo विवेक वर्मा ने सांसदों एवं पदाधिकारिओ का शपथ ग्रहण कराया उसके उपरांत सभी नवनिर्वाचित सांसदों एवं पदाधिकारियों ने विद्यालय की गरिमा बनाए रखने, छात्र-हित में कार्य करने तथा अपने कर्तव्यों का ईमानदारी एवं निष्ठापूर्वक पालन करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य, मुख्य अतिथि, छात्र संसद एवं कन्या भारती के प्रमुख आचार्य-आचार्याएँ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन विद्यालय के वरिष्ठ आचार्य प्रवीण मिश्रा के द्वारा नव-निर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएँ एवं उनके सफल कार्यकाल की मंगलकामना के साथ हुआ।
