पट्टा क्षेत्र से बाहर खनन, तौल मशीन और परिवहन निगरानी प्रणाली में गड़बड़ी का भी आरोप
देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। जनपद के बिल्ली-मारकुंडी क्षेत्र स्थित महादेव इंटरप्राइजेज की पत्थर खदान एक बार फिर विवादों में आ गई है। अनपरा निवासी चंदन कुमार दुबे ने मुख्यमंत्री समेत खनन, पर्यावरण, वन, श्रम एवं पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से शिकायत कर खदान में बड़े पैमाने पर अवैध खनन और नियमों के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि खदान में खनन पट्टे की शर्तों, पर्यावरणीय स्वीकृति तथा उत्तर प्रदेश उपखनिज (परिहार) नियमावली-2021 का खुलेआम उल्लंघन किया जा रहा है। शिकायत के अनुसार, स्वीकृत पट्टा क्षेत्र से बाहर, वन भूमि तथा निर्धारित सुरक्षा क्षेत्र के भीतर भी खनन कराया जा रहा है, जिससे पर्यावरण और सुरक्षा मानकों की अनदेखी हो रही है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि खदान पर सीसीटीवी कैमरे, आरएफआईडी स्कैनर, चेक पोस्ट, धूल नियंत्रण के लिए नियमित पानी का छिड़काव, श्रमिकों के लिए प्राथमिक उपचार केंद्र और शौचालय जैसी अनिवार्य सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। चंदन कुमार दुबे ने आरोप लगाया है कि खनिज का परिवहन ईएमएम-11 प्रपत्र के बिना कराया जा रहा है। साथ ही डीएमएफ, टीसीएस एवं अन्य देय शुल्कों के भुगतान में भी अनियमितताएं बरती जा रही हैं। तौल मशीन और परिवहन निगरानी प्रणाली में कथित गड़बड़ी कर सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाने का भी आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता का यह भी दावा है कि महादेव इंटरप्राइजेज के पट्टाधारक अरुण सिंह यादव की कथित ऊंची पहुंच के चलते जिम्मेदार अधिकारी प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रहे हैं, जिससे नियमों के उल्लंघन का सिलसिला जारी है। फिलहाल संबंधित विभागों की ओर से शिकायत की जांच या आरोपों की पुष्टि संबंधी कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। शिकायतकर्ता ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है।
.jpeg)