देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा की जिला कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक रविवार को संत कीनाराम महाविद्यालय सिन्धौरा परिसर में जिलाध्यक्ष संतोष पाण्डेय की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों पर पार्टी की सक्रियता बढ़ाने को लेकर व्यापक रणनीति बनाई गई।
बैठक को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा सरकार की जनविरोधी नीतियों का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करने, जातिवाद से ऊपर उठकर सभी नागरिकों को समान अधिकार दिलाने तथा समाज के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। इसके लिए संगठन को गांव-गांव और बूथ स्तर तक सशक्त बनाया जाएगा। बैठक के दौरान संगठन विस्तार के तहत नए पदाधिकारियों के मनोनयन की घोषणा की गई। जिलाध्यक्ष संतोष पाण्डेय ने मदन मोहन मिश्रा को युवा मोर्चा का जिला अध्यक्ष तथा शिव प्रकाश पाण्डेय को जिला मीडिया प्रभारी मनोनीत किया। मनोनयन के बाद पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने नवनियुक्त पदाधिकारियों का माल्यार्पण कर गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने विश्वास जताया कि दोनों पदाधिकारी संगठन को नई मजबूती प्रदान करते हुए पार्टी की नीतियों और जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाएंगे। बैठक के समापन पर कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया और पार्टी के समर्थन में जोरदार नारे लगाए।
मौके पर रमेश मिश्रा, मनीष तिवारी, शिवा मिश्रा, पंकज कुमार शुक्ला, मिथिलेश चौबे, सक्षम अग्रहरी मौजूद रहे।
.jpg)