आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में बुधवार को जौनपुर में छात्र-छात्राओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। टीडी कॉलेज से निकली रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंची, जहां प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को लेकर राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन प्रशासन को सौंपा।
रैली में शामिल छात्र-छात्राएं हाथों में तख्तियां लेकर “इंकलाब जिंदाबाद”, “मोदी तेरी तानाशाही नहीं चलेगी” और “धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो” जैसे नारे लगाते हुए आगे बढ़े। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर बल प्रयोग लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है। उन्होंने घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन को देखते हुए कलेक्ट्रेट परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर गोल्डी गुप्ता ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों से वार्ता की और उन्हें शांतिपूर्ण एवं कानून व्यवस्था बनाए रखते हुए अपनी बात प्रशासन तक पहुंचाने की अपील की।
बाद में छात्रों के पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति एवं केंद्र सरकार के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में जंतर-मंतर की घटना की निष्पक्ष जांच, दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई, छात्र हितों की सुरक्षा तथा शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर गंभीरता से निर्णय लेने की मांग की गई।
शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। ज्ञापन सौंपने के बाद प्रदर्शन समाप्त हो गया।
