देवल संवाददाता, आजमगढ़। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव मंगलवार को आजमगढ़ पहुंचे। इस दौरान उन्होंने दिवंगत समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ विधायक आलमबदी आज़मी के आवास पर पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की तथा शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की।
मीडिया से बातचीत में शिवपाल यादव ने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सरकार की नई शिक्षा नीति पूरी तरह विफल साबित हुई है और शिक्षा व्यवस्था को कमजोर किया गया है। उन्होंने हालिया छात्र आंदोलनों का जिक्र करते हुए कहा कि छात्रों ने सरकार का अहंकार तोड़ने का काम किया है और वे इसके लिए उन्हें बधाई देते हैं।
रामपुर स्थित जौहर विश्वविद्यालय पर संभावित बुलडोजर कार्रवाई को लेकर उन्होंने कहा कि यदि विश्वविद्यालय पर बुलडोजर चलाया गया तो समाजवादी पार्टी चुप नहीं बैठेगी। उन्होंने कहा कि छात्र भी इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे और समाजवादी पार्टी छात्रों के साथ मिलकर इसका विरोध करेगी।
जंतर-मंतर पर आंदोलन कर रहे छात्रों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई की आलोचना करते हुए शिवपाल यादव ने कहा कि युवाओं पर गंभीर धाराएं लगाकर जेल भेजना गलत है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने पिछले दस वर्षों में बुलडोजर चलाकर लोगों के घर तोड़ने का काम किया है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर बुलडोजर कार्रवाई करने वाले अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
सुभासपा अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर के समाजवादी पार्टी के टूटने संबंधी बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए शिवपाल यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी पहले से अधिक मजबूत होगी। उन्होंने राजभर पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी पार्टी के कितने विधायक बचे हैं। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी पार्टी का एक विधायक पेपर लीक मामले में आरोपी है और उसे भी जेल जाना चाहिए।
निजामाबाद विधानसभा सीट से दिवंगत विधायक आलमबदी आज़मी के पुत्र को टिकट दिए जाने के सवाल पर शिवपाल यादव ने कहा कि उनका आशीर्वाद आलमबदी आज़मी के पुत्र बाबू के साथ है।
