कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।मेडिकल कॉलेज सदरपुर के ब्लड बैंक में रक्तदान के क्षेत्र में उत्कृष्ट सामाजिक योगदान के लिए समाजसेवा फाउंडेशन ट्रस्ट के अध्यक्ष एवं समाजसेवी बरकत अली को सम्मानित किया गया। यह सम्मान ब्लड बैंक असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. श्वेता वर्मा द्वारा प्रदान किया गया।
इस अवसर पर ब्लड बैंक काउंसलर दीपक नाग, हाजी खुर्शीद इलाही, गंगाराम सैनी एवं जितेंद्र कुमार सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
समाजसेवी बरकत अली लंबे समय से सोशल मीडिया और अपनी संस्था समाजसेवा फाउंडेशन ट्रस्ट के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने का कार्य कर रहे हैं। उनके प्रयासों से मेडिकल कॉलेज सदरपुर में रक्तदान शिविर का भी सफल आयोजन किया गया, जिससे अनेक लोगों को जीवनदान मिलने में सहायता मिली।
सम्मान प्राप्त करने के बाद बरकत अली ने सभी नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि रक्तदान महादान है। प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को समय-समय पर रक्तदान करना चाहिए और जब भी किसी संस्था द्वारा रक्तदान शिविर आयोजित किया जाए, उसमें बढ़-चढ़कर भाग लेकर जरूरतमंद लोगों की मदद करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि एक यूनिट रक्त किसी का जीवन बचा सकता है, इसलिए सभी लोगों को इस पुण्य कार्य में आगे आना चाहिए।
