पल्हारी विद्यालय में विद्यार्थियों ने किया पौधारोपण, वृक्ष संरक्षण का लिया संकल्प
देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन का स्वरूप देने के उद्देश्य से हरियाली आंदोलन के संयोजक एवं पर्यावरण प्रेमी शिक्षक डॉ. बृजेश महादेव लगातार जन-जागरूकता अभियान चला रहे हैं। उनके नेतृत्व में नगवा विकासखंड स्थित पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय, पल्हारी में विद्यार्थियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। इस अवसर पर डॉ. महादेव ने कहा कि हरियाली आंदोलन केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि वनों के संरक्षण, वृक्षों की सुरक्षा
तथा वर्षा ऋतु में विभिन्न प्रजातियों के बीजों की बुवाई के माध्यम से प्राकृतिक वन संपदा बढ़ाने का भी प्रयास है। उन्होंने बताया कि वर्षों पहले लगाए गए कई पौधे आज विशाल वृक्ष बन चुके हैं, जो अभियान की सफलता का प्रमाण हैं। उन्होंने कहा कि एक वृक्ष पंद्रह पुत्रों से भी अधिक उपयोगी होता है। वृक्ष मानव जीवन के लिए ऑक्सीजन, फल, फूल, औषधि, ईंधन और अन्य प्राकृतिक संसाधनों का प्रमुख स्रोत हैं। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम-से-कम एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण का संकल्प लेना चाहिए। डॉ. महादेव ने बताया कि दार्जिलिंग की प्रातिक हरियाली से प्रेरित होकर उन्होंने अपने पैतृक गांव भरहरी और कर्मभूमि पल्हारी से हरियाली आंदोलन की शुरुआत की थी। अभियान के तहत अब तक हजारों लोगों को पौधे और विभिन्न प्रजातियों के बीज वितरित किए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि उनके घर आने वाले प्रत्येक अतिथि को विदाई के समय एक पौधा भेंट किया जाता है और उसके संरक्षण का संकल्प भी दिलाया जाता है। उन्होंने कहा कि विद्यालयों के माध्यम से बच्चों में प्रकृति संरक्षण के संस्कार विकसित किए जा रहे हैं, ताकि वे अपने परिवार और समाज को भी पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक कर सकें।
.jpg)