देवल संवाददाता, आजमगढ़। कोतवाली पुलिस ने अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस के साथ महाराष्ट्र के एक हिस्ट्रीशीटर अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को मुखबिर की सूचना पर हाफिजपुर चौराहे के पास से दबोचा गया। पुलिस ने उसके खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुबन कुमार सिंह एवं क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, 12 जुलाई की रात चौकी प्रभारी बलरामपुर उपनिरीक्षक मिथिलेश कुमार प्रजापति अपनी टीम के साथ क्षेत्र में चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति हाफिजपुर चौराहे से बद्दोपुर मार्ग पर अवैध असलहा लेकर खड़ा है। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर रात करीब 11:20 बजे आरोपी अबू तालिब शेख (35), निवासी संजय गांधी नगर, थाना सर जे.जे. मार्ग, जिला बृहन्मुंबई (महाराष्ट्र) को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक देशी तमंचा (.315 बोर) और एक जिंदा कारतूस (.315 बोर) बरामद हुआ। इस संबंध में थाना कोतवाली में मु.अ.सं. 374/2026 के तहत धारा 3/25 शस्त्र अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस जांच में पता चला कि गिरफ्तार आरोपी महाराष्ट्र का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ बृहन्मुंबई के सर जे.जे. मार्ग थाने में वर्ष 2025 और 2026 के दो आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं। पुलिस आरोपी के आपराधिक नेटवर्क और आजमगढ़ आने के उद्देश्य की भी जांच कर रही है।
