आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। पूर्वांचल के रेल यात्रियों के लिए राहत और सुविधा भरी खबर है। वाराणसी और पंजाब के छेहर्टा के बीच चलने वाली अत्याधुनिक संत रविदास वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस का जौनपुर सिटी रेलवे स्टेशन पर नियमित ठहराव तय कर दिया गया है। यह ट्रेन 17 जुलाई से अपने निर्धारित समय पर संचालन शुरू करेगी। नई रेल सेवा का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से करेंगे।
रेलवे द्वारा जारी समय-सारिणी के अनुसार छेहर्टा–वाराणसी वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस (14624) प्रत्येक बुधवार, शुक्रवार और रविवार को संचालित होगी। वहीं वाराणसी–छेहर्टा वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस (14623) गुरुवार, शनिवार और सोमवार को चलेगी। इस ट्रेन के शुरू होने से पूर्वांचल और पंजाब के बीच यात्रा पहले की अपेक्षा अधिक तेज, सुरक्षित और आरामदायक हो जाएगी।
वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस का ठहराव जौनपुर सिटी के अलावा सुल्तानपुर, लखनऊ, शाहजहांपुर, बरेली, मुरादाबाद, सहारनपुर, अंबाला कैंट, लुधियाना, जालंधर सिटी, अमृतसर और छेहर्टा जैसे प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर होगा। इससे उत्तर प्रदेश और पंजाब के बीच रेल संपर्क और अधिक मजबूत होगा तथा यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी का लाभ मिलेगा।
आधुनिक सुविधाओं से युक्त इस स्लीपर ट्रेन में आरामदायक यात्रा के साथ बेहतर सुरक्षा और सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसका सबसे अधिक लाभ पंजाब में कार्यरत पूर्वांचल के श्रमिकों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों, छात्रों तथा धार्मिक यात्रियों को मिलेगा। जौनपुर सिटी स्टेशन पर ट्रेन के ठहराव की घोषणा के बाद जिले के यात्रियों और व्यापारिक वर्ग में उत्साह का माहौल है। लोगों का कहना है कि अब उन्हें पंजाब की यात्रा के लिए बेहतर, तेज और सुविधाजनक रेल सेवा उपलब्ध होगी, जिससे समय की बचत के साथ सफर भी अधिक आरामदायक बनेगा।
