देवल संवाददाता, बलिया नगर पालिका परिषद के तत्कालीन अधिशासी अधिकारी (ईओ) सुभाष कुमार का सामान लेकर जा रहे एक ट्रक को बुधवार देर रात ठेकेदारों ने रोक दिया। यह घटना ईओ के सरकारी आवास पर हुई, जब वे अपने नए तैनाती स्थल के लिए रवाना होने वाले थे। ठेकेदारों ने आरोप लगाया कि उनके कार्यों से संबंधित फाइलें दो साल से अधिक समय से लंबित हैं और उन्हें स्वीकृति नहीं मिली है।
दर्जनों ठेकेदार मौके पर पहुंचे और ट्रक को रोक दिया। उन्होंने बताया कि लगभग सौ ठेकेदारों की फाइलें रुकी हुई हैं। ठेकेदारों का कहना था कि उन्हें भुगतान नहीं बल्कि स्वीकृत फाइलें चाहिए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि ईओ को कमीशन दिए जाने के बावजूद दो-तीन वर्षों से फाइलें लंबित हैं और उन्हें अभी तक स्वीकृति नहीं मिली है।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। सिटी मजिस्ट्रेट आशाराम वर्मा भी घटनास्थल पर पहुंचे और ठेकेदारों को समझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद अंततः अधिशासी अधिकारी का सामान लदा ट्रक वहां से निकलवाया जा सका।
