कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।नगर पंचायत अशरफपुर किछौछा दरगाह निवासी मोहम्मद नफीस की पुत्री उम्मे हबीबा ने एलएलबी की पढ़ाई पूरी करने के बाद पहले ही प्रयास में ऑल इंडिया बार एग्जामिनेशन (AIBE) उत्तीर्ण कर अधिवक्ता बनने की पात्रता हासिल कर ली है। उनकी इस सफलता पर परिवार के साथ-साथ क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल है। शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।उम्मे हबीबा ने बताया कि उनका सपना शुरू से ही अधिवक्ता बनने का था। इसी लक्ष्य को लेकर उन्होंने लगातार मेहनत की और नियमित अध्ययन के बल पर पहली ही बार में AIBE परीक्षा में सफलता प्राप्त की। उन्होंने कहा कि अधिवक्ता के रूप में वह समाज के गरीब, असहाय और जरूरतमंद लोगों को न्याय दिलाने का प्रयास करेंगी तथा अन्याय के खिलाफ मजबूती से अपनी जिम्मेदारी निभाएंगी।उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और परिवार के सभी सदस्यों को दिया। उनका कहना है कि परिवार के सहयोग और विश्वास ने हर कठिन समय में उनका हौसला बढ़ाया। परीक्षा की तैयारी के दौरान उन्होंने पूरी निष्ठा और अनुशासन के साथ पढ़ाई की, जिसका परिणाम आज सफलता के रूप में सामने आया है। उम्मे हबीबा की उपलब्धि को क्षेत्र की छात्राओं के लिए प्रेरणादायक माना जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि उनकी सफलता यह संदेश देती है कि दृढ़ संकल्प, निरंतर मेहनत और परिवार के सहयोग से बड़े से बड़ा लक्ष्य भी हासिल किया जा सकता है। उनकी इस उपलब्धि से नगर पंचायत अशरफपुर किछौछा दरगाह के साथ-साथ पूरे जनपद अम्बेडकरनगर का गौरव बढ़ा है। क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, शिक्षकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों ने उम्मे हबीबा को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उन्होंने उम्मीद जताई कि वह अधिवक्ता के रूप में समाज के वंचित और जरूरतमंद लोगों को न्याय दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
