देवल संवाददाता, गाजीपुर। अनुपम शुक्ला, जिलाधिकारी गाजीपुर द्वारा बुद्धवार को पशुपालन विभाग, जनपद गाजीपुर द्वारा राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम (एन०ए०डी०सी०पी०) अन्तर्गत खुरपका-मुहपका (एफ०एम०डी०) टीकाकरण के आठवें चरण का शुभारंभ राइफल क्लब गाजीपुर से हरी झंडी दिखा कर गाड़ियो को रवाना किया। 05 सितंबर तक चलने वाले अभियान में जिले के 6 लाख 19 हजार 400 पशुओं (गाय व भैंस) का निःशुल्क टीकाकरण किया जाएगा। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, गाजीपुर डा० अरविन्द कुमार शाही ने बताया कि खुरपका मुंहपका पशुओं में होने वाला संक्रामक रोग है, जो एक बीमार पशु से दूसरे पशु में फैलता है। रोग होने पर पशुओं को बुखार के साथ कमजोरी आ जाती है। पशुओं के खुर व मुंह में छाले पड़ जाते हैं, जिससे वह कुछ खा नहीं पाते है। इस अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक पशुओं को खुरपका-मुंहपका जैसी संक्रामक बीमारी से बचाना है। खुरपका मुंहपका टीकाकरण के लिए पशुपालन विभाग ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। जनपद के सभी 16 विकास खंडों में गठित 48 टीमें गांव-गांव और घर-घर पहुंचकर पशुओं को टीके लगाएंगी। इसके लिए पशुपालकों से सहयोग की अपील की गई है, ताकि कोई भी पशु टीकाकरण से वंचित न रहे। विभाग की ओर से अभियान की जानकारी पहले ही पशुपालकों तक पहुंचाई जाएगी। अभियान की लगातार निगरानी भी की जाएगी, ताकि पांच सितंबर तक निर्धारित लक्ष्य पूरा किया जा सके। खुरपका मुंहपका का टीका 4 माह से कम उम्र के एवं 8 माह से अधिक गर्भित पशुओं को नहीं लगाया जायेगा। इसके अलावा अन्य सभी पशुओं को यह टीका निःशुल्क लगाया जायेगा। इस कार्यक्रम में आलोक प्रसाद, मुख्य विकास अधिकारी, डा० अरविन्द कुमार शाही, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, जनपद के समस्त उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी/पशु चिकित्साधिकारी, पशुधन प्रसार अधिकारी एवं मोबाइल वेटेनरी यूनिट के पशु चिकित्सक एवं स्टाफ उपस्थिति रहे।
