देवल संवाददाता, अतरौलिया (आशीष कुमार निषाद)। सड़क दुर्घटना में कक्षा 9 के छात्र की मौत के बाद चालक की गिरफ्तारी न होने से नाराज परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। सैकड़ों की संख्या में लोग आंधी-पानी की परवाह किए बिना पैदल मार्च करते हुए अतरौलिया थाने पहुंचे और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए धरने पर बैठ गए।
स्थानीय थाना क्षेत्र के पकरडीहा गांव निवासी आनंद राजभर (14), पुत्र फिरतू राजभर, की बीते बुधवार को गोरहरपुर के पास स्कूल जाते समय सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। घटना के पांच दिन बाद भी आरोपित स्कूल बस चालक की गिरफ्तारी न होने से आक्रोशित परिजन सोमवार को गांव से थाने तक पैदल पहुंचे।
धरने के दौरान परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। मृतक के पिता फिरतू राजभर ने प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उनका परिवार अत्यंत गरीब है और उनका बेटा पढ़ाई में तेज था। उसकी मौत से परिवार पर गहरा आघात पहुंचा है।
पीड़ित परिवार ने प्रशासन के सामने कई मांगें रखीं—आरोपी बस चालक की तत्काल गिरफ्तारी, एक करोड़ रुपये मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी और एक सरकारी आवास की व्यवस्था।
करीब एक बजे शुरू हुआ धरना उपजिलाधिकारी बुढ़नपुर अभय राज पांडे और क्षेत्राधिकारी कौस्तुभ त्रिपाठी के मौके पर पहुंचने के बाद समाप्त हुआ। अधिकारियों ने परिजनों से वार्ता कर उन्हें उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
क्षेत्राधिकारी कौस्तुभ त्रिपाठी ने बताया कि दुर्घटना में घायल छात्र को अस्पताल ले जाया गया था, जहां उसकी मृत्यु हो गई। मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई जारी है। उन्होंने कहा कि परिजनों की मांगों को सुना गया है और नियमों के तहत हर संभव मदद की जाएगी।
