कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।अम्बेडकरनगर के महरुआ थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब सेहरा जलालपुर गांव के पास सड़क किनारे एक दूध विक्रेता का शव पड़ा मिला। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान 42 वर्षीय अजय कुमार पुत्र स्वर्गीय रामनिहोर के रूप में की। अजय रोज की तरह घर से दूध लेकर महरुआ चौराहे की ओर निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे।मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि अजय के सिर पर गंभीर चोट के निशान थे। हालत देखकर साफ लग रहा था कि यह कोई सड़क हादसा नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या है। घटना की खबर फैलते ही गांव में हड़कंप मच गया और परिजन मौके पर पहुंचकर रोने-बिलखने लगे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी।
एसपी ने संभाली कमान, चार टीमों को जांच में लगाया
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने तुरंत कार्रवाई शुरू कराई। ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी सुलझाने के लिए एसओजी, स्वाट, सर्विलांस और स्थानीय पुलिस की चार विशेष टीमें बनाई गईं। पुलिस ने मृतक के रिश्तेदारों, परिचितों और गांव के लोगों से पूछताछ शुरू की।जांच के दौरान पुलिस को कुछ संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिली। मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल और स्थानीय इनपुट के आधार पर पुलिस ने हत्या की पूरी कड़ी जोड़नी शुरू की। एसपी खुद पूरे मामले की मॉनिटरिंग करती रहीं, जिसके चलते जांच तेजी से आगे बढ़ी।भीटी क्षेत्राधिकारी लक्ष्मीकांत के मुताबिक, हत्या के पीछे कोई पुरानी दुश्मनी नहीं बल्कि रिश्तों में आई कड़वाहट थी। पुलिस जांच में सामने आया कि 23 मई को अजय ने अपने साढ़ू के लड़के को भतीजे से मिलने पर डांटकर भगा दिया था। इसी बात को लेकर आरोपी खुद को अपमानित महसूस कर रहा था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने बदला लेने की ठान ली और मृतक के ही भतीजे के साथ मिलकर हत्या की साजिश रच डाली। बाद में तीन अन्य लोगों को भी इस योजना में शामिल किया गया। इसके बाद आरोपियों ने मौका देखकर अजय को रास्ते से हटाने की पूरी तैयारी कर ली।हत्या के खुलासे के लिए लगातार दबिश दे रही पुलिस ने 26 मई को नारायणपुर घाट रामबाबा मोड़ के पास से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने हत्या की साजिश और वारदात में शामिल होने की बात कबूल कर ली।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए आरोपियों में मृतक के रिश्तेदार भी शामिल हैं। इस खुलासे के बाद पूरे इलाके में चर्चा का माहौल है कि मामूली विवाद ने रिश्तों को इस हद तक पहुंचा दिया कि अपने ही लोग हत्या पर उतर आए। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और हत्या में इस्तेमाल किए गए सामान की बरामदगी में जुटी है।
