देवल, ब्यूरो चीफ,ओबरा, सोनभद्र। ब्लॉक संसाधन केंद्र चोपन से सोमवार को स्कूल चलो अभियान के तहत भव्य जागरूकता रैली निकाली गई, जिसमें 500 से अधिक बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और शिक्षा के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। रैली का नेतृत्व जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनंद पाण्डेय ने किया, जो बिल्ली गांव, वीआईपी रोड, डिग्री कॉलेज चौराहे से होते हुए पुनः ब्लॉक संसाधन केंद्र चोपन पर आकर संपन्न हुई।
रैली का संयोजन खंड शिक्षा अधिकारी चोपन लोकेश मिश्रा द्वारा किया गया, जिसमें उच्च प्राथमिक विद्यालय बिल्ली, खैरटियां, कोठा टोला तथा प्राथमिक विद्यालय बिल्ली मारकुंडी, भलुआ टोला, बिल्ली प्रथम, खैरटिया सहित विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। इस दौरान बीएसए मुकुल आनंद पाण्डेय ने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि 6 से 14 वर्ष तक के सभी बच्चों का नामांकन नजदीकी परिषदीय विद्यालयों में अवश्य कराएं और उन्हें नियमित रूप से स्कूल भेजें। उन्होंने सरकार द्वारा दी जा रही सुविधाओं, निःशुल्क यूनिफॉर्म, बैग, जूता-मोजा, स्वेटर हेतु डीबीटी के माध्यम से 1200 रुपए, निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, मध्याह्न भोजन, पुस्तकालय व स्कूल रेडिनेस कार्यक्रम की जानकारी दी। खंड शिक्षा अधिकारी म्योरपुर सुनील कुमार ने भी कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए शिक्षा योजनाओं पर प्रकाश डाला। वहीं खंड शिक्षा अधिकारी चोपन लोकेश मिश्रा ने शत-प्रतिशत नामांकन, नियमित उपस्थिति, दीक्षा ऐप, मीना मंच व बाल संसद जैसे कार्यक्रमों की जानकारी दी। राज्य संदर्भ समूह के सदस्य विद्यासागर ने मदर ओरिएंटेशन, इको क्लब व दीक्षा कोर्स पर जानकारी दी। इस अवसर पर बेसिक शिक्षा विभाग में 39 वर्ष की सेवा पूर्ण करने वाले सेवानिवृत्त शिक्षक सरफराज अहमद खां को सम्मानित कर
भावभीनी विदाई दी गई। कार्यक्रम में संत जेवियर पब्लिक स्कूल डाला के प्रबंधक जितेंद्र यादव, एआरपी ज्ञान प्रकाश, प्रशांत अवस्थी, वंशदीप सिंह, वरिष्ठ संकुल शिक्षक अजीत सिंह सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहीं।
.jpg)