आमिर, देवल ब्यूरो ,मछलीशहर। जौनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में बुधवार को एचपीवी संक्रमण से बचाव हेतु टीकाकरण अभियान का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन ज्वाइंट मजिस्ट्रेट कुमार सौरभ ने किया। इस दौरान पांच किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी वैक्सीन लगाई गई और उन्हें प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने लोगों से अपील की कि वे अपनी बेटियों और परिवार की किशोरियों को इस महत्वपूर्ण वैक्सीन का लाभ अवश्य दिलवाएं। उन्होंने बताया कि यह टीका भविष्य में होने वाले सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षा प्रदान करता है। साथ ही यह भी कहा कि निजी अस्पतालों में इस वैक्सीन के लिए 6 से 7 हजार रुपये तक खर्च करने पड़ते हैं, जबकि सरकारी अस्पतालों में यह सुविधा निःशुल्क उपलब्ध है।
क्षेत्राधिकारी मछलीशहर प्रतिमा वर्मा एवं खंड विकास अधिकारी अंजली भारतीय ने भी कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को जागरूक करते हुए अधिक से अधिक टीकाकरण कराने की अपील की।
सीएचसी अधीक्षक अजय सिंह ने जानकारी दी कि यह टीकाकरण विशेष रूप से 14 से 15 वर्ष की किशोरियों के लिए चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि एचपीवी वैक्सीन गर्भाशय के कैंसर से बचाव में अत्यंत प्रभावी है और समय पर लगवाना बेहद जरूरी है।
इस अवसर पर डॉ. अमरनाथ, डॉ. अमरीश अग्रहरि, स्टाफ नर्स एवं अस्पताल के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के माध्यम से स्वास्थ्य विभाग ने क्षेत्र में जागरूकता बढ़ाने और अधिक से अधिक किशोरियों तक इस जीवनरक्षक वैक्सीन को पहुंचाने का संकल्प लिया।
