कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।स्वास्तिक गैस एजेंसी पर उपभोक्ताओं की परेशानी कम होने का नाम नहीं ले रही है। मंगलवार को हालात इतने बिगड़े कि दर्जनों उपभोक्ता सुबह 4 बजे से ही लाइन में लग गए, लेकिन घंटों इंतजार के बाद दोपहर में उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ा। एजेंसी की ओर से बताया गया कि सिलिंडर का स्टॉक ही नहीं आया है, इसलिए आज वितरण नहीं होगा।भीषण गर्मी में घंटों लाइन में खड़े रहने के बाद जब उपभोक्ताओं को फोन पर सूचना दी गई कि आज गैस सिलिंडर नहीं मिलेगा, तो लोगों में आक्रोश व्याप्त हो गया। बताया जा रहा है कि रविवार को आखिरी बार सिलिंडर का वितरण हुआ था। उसके बाद से दो दिनों से आपूर्ति पूरी तरह ठप पड़ी हुई है।ग्राम सदरपुर निवासी बृजेश कुमार ने बताया, “मैंने 17 तारीख को गैस बुक की थी, लेकिन 5-6 दिनों से रोज एजेंसी का चक्कर लगा रहा हूँ। हर बार कहते हैं—स्टॉक नहीं है या आज नहीं आया। घर में चूल्हा जलने को तरस रहा है।”सुलेमपुर के शिव प्रसाद ने अपनी व्यथा सुनाते हुए कहा, “मैंने 5 अप्रैल को नंबर लगाया था। पूरे 10 दिन से लगातार आ रहा हूँ। हर बार या तो कहते हैं सिलिंडर खत्म हो गए या आज नहीं आएगा। इतनी गर्मी में बार-बार आने-जाने का खर्चा और परेशानी दोनों सहनी पड़ रही है।”इसी तरह मुकेश दुबे ने बताया, “8 तारीख को बुकिंग कराई थी। आज सुबह 5 बजे से लाइन में लगा रहा। दोपहर 12 बजे के बाद पता चला कि आज वितरण नहीं होगा। हम गरीब आदमी हैं, क्या रोज-रोज एजेंसी के चक्कर काटते रहें?”स्थानीय उपभोक्ताओं का आरोप है कि एजेंसी की लापरवाही और अनियमित आपूर्ति के कारण आम जनता खासी परेशान है। कई महिलाएँ और बुजुर्ग भी सुबह से लाइन में खड़े रहने के बावजूद खाली हाथ लौटने को मजबूर हुए।इस मामले में एजेंसी संचालक का कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिल पाया है। उपभोक्ताओं ने जिला प्रशासन और गैस कंपनी से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है, ताकि इस क्षेत्र में गैस सिलिंडर की नियमित और सुचारु आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।
घंटों लाइन लगाने के बाद भी सिलिंडर नहीं मिला, भीषण गर्मी में सैकड़ों लोग निराश लौटे
अप्रैल 28, 2026
0
Tags
