विहिम के पदाधिकारियों ने दूसरी बार एसपी दरबार पहुंच लगायी न्याय की गुहार
देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। चोपन थाना क्षेत्र में विश्व हिंदू महासंघ के एक पदाधिकारी के उत्पीड़न और अवैध खनन माफियाओं को संरक्षण देने का गंभीर मामला सामने आया है। संगठन के कार्यकर्ता राजकुमार यादव उर्फ टप्पू निवासी सलखन ने आरोप लगाया है कि 23 मार्च 2026 को वह संगठन के कार्यक्रम में शामिल होने कलेक्ट्रेट गए थे, उसी दौरान विपक्षियों ने उनके घर पर हमला कर दिया और उनके पुत्र को लाठी-डंडों से मारकर घायल कर दिया। पीड़ित के अनुसार घटना की सूचना थानाध्यक्ष चोपन को दी गई, लेकिन उन्होंने
112 नंबर पर संपर्क करने को कहा। मौके पर पहुंची पुलिस भी विपक्षियों से सांठगांठ कर वापस लौट गई, जिसके बाद हमलावरों ने फिर से मारपीट की। आरोप है कि जब राजकुमार यादव शिकायत लेकर थाना पहुंचे तो थानाध्यक्ष ने ही उनके साथ दुर्व्यवहार करते हुए मारपीट और गाली-गलौज की तथा अवैध खनन के खिलाफ आवाज उठाने पर गंभीर परिणाम भुगतने और झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी दी। सोमवार को पुलिस लाइन पहुंच कर एसपी को सौंपे प्रार्थना पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि संबंधित विपक्षियों पर पूर्व में भी अवैध खनन और अन्य आपराधिक मामलों में मुकदमे दर्ज हैं, बावजूद इसके पुलिस उनके खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय उन्हें संरक्षण दे रही है। साथ ही थानाध्यक्ष पर एकपक्षीय कार्रवाई करते हुए पीड़ित के खिलाफ ही फर्जी चालान करने का भी आरोप लगाया गया है। पीड़ित ने उच्चाधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कर थानाध्यक्ष के खिलाफ विभागीय कार्रवाई करने, दर्ज फर्जी मुकदमों को निरस्त करने तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की है।
.jpeg)