देवल, ब्यूरो चीफ,म्योरपुर, सोनभद्र। म्योरपुर विकास खंड के ग्राम पंचायत कुदरी स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की लचर व्यवस्था एक बार फिर सामने आई है। गत शुक्रवार को स्वास्थ्य केंद्र पर ताला लटका मिला, जिससे इलाज के लिए पहुंचे मरीजों को निराश होकर वापस लौटना पड़ा। कई मरीज मजबूरी में झोलाछाप चिकित्सकों से इलाज कराने को विवश दिखे, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है।
ग्रामीणों के अनुसार, नव निर्मित स्वास्थ्य केंद्र से उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधा की उम्मीद थी, लेकिन वर्तमान स्थिति निराशाजनक है। यह गांव वर्तमान भाजपा जिलाध्यक्ष का पैतृक गांव भी बताया जा रहा है, बावजूद इसके यहां स्वास्थ्य सेवाएं पटरी पर नहीं आ सकी हैं। ग्रामीण शिवकुमार, सौरभ, मनीष और प्रेम शंकर ने बताया कि केंद्र पर केवल भवन मौजूद है, नियमित चिकित्सक की नियुक्ति नहीं है। ऐसे में मरीजों को या तो झोलाछाप डॉक्टरों का सहारा लेना पड़ता है या करीब 25 किलोमीटर दूर म्योरपुर जाकर इलाज कराना पड़ता है। इस संबंध में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. पी.एन. सिंह ने बताया कि कुदरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर चार माह पूर्व तैनात चिकित्सक का स्थानांतरण हो गया था, जिसके बाद अब तक नए डॉक्टर की नियुक्ति नहीं हो सकी है। उन्होंने यह भी बताया कि केंद्र पर तैनात फार्मासिस्ट श्याम मुरारी वर्तमान में अवकाश पर हैं, जिसके कारण केंद्र बंद रहा। ग्रामीणों ने मुख्य चिकित्साधिकारी से मांग की है कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर जल्द से जल्द चिकित्सक और अन्य स्वास्थ्य कर्मियों की नियुक्ति की जाए, ताकि क्षेत्र के गरीब और आदिवासी लोगों को समय पर उपचार मिल सके।
.jpg)