देवल, ब्यूरो चीफ,म्योरपुर, सोनभद्र। दुद्धी नगर पंचायत क्षेत्र में रविवार को भगवान भगवान परशुराम की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में सोनभद्र सहित आसपास के क्षेत्रों से ब्राह्मण समाज के लोगों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राष्ट्रीय कथावाचिका पं. विजयलक्ष्मी शुक्ला रहीं। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने भगवान परशुराम के जीवन, आदर्शों और उनके योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। अधिवक्ता मनोज मिश्रा ने भगवान परशुराम के जीवन प्रसंगों का उल्लेख करते हुए बताया कि वे भगवान विष्णु के छठे अवतार माने जाते हैं। उन्होंने बताया कि फरसा धारण करने के कारण उनका नाम परशुराम पड़ा, जबकि उनका मूल नाम राम था। वहीं अधिवक्ता रामलोचन तिवारी ने भगवान परशुराम की जीवनी पर प्रकाश डालते हुए उनके आदर्शों को वर्तमान समाज के लिए प्रेरणादायक बताया। मुख्य अतिथि पं. विजयलक्ष्मी शुक्ला ने अपने संबोधन में वसुधैव कुटुंबकम का संदेश देते हुए समाज में एकता, सद्भाव और मानव कल्याण पर जोर दिया। इस अवसर पर अन्य वक्ताओं ने भी भगवान परशुराम के जीवन और उनके सिद्धांतों पर अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में विष्णुकांत तिवारी एडवोकेट, चेयरमैन कमलेश मोहन, रामजी पांडेय, अजय मिश्रा, राजेश चौबे, रामदेव तिवारी, आनंद कुमार त्रिपाठी, प्रवीण द्विवेदी, प्रशांत दुबे एडवोकेट सहित बड़ी संख्या में विप्र बंधु उपस्थित रहे।
.jpg)