आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। जनपद में किसानों के हित में एक बड़ी पहल करते हुए 6 अप्रैल से गांव-गांव विशेष फार्मर रजिस्ट्री अभियान शुरू किया जा रहा है। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी पात्र किसानों की रजिस्ट्री हर हाल में शत-प्रतिशत पूरी कराई जाए।
जिलाधिकारी ने बताया कि भारत सरकार की महत्वाकांक्षी योजना ‘एग्रीस्टैक (AgriStack)’ के अंतर्गत पीएम किसान योजना के लाभार्थियों सहित सभी भूमिधारक किसानों की किसान आईडी (फार्मर रजिस्ट्री) तैयार की जा रही है। उन्होंने चिंता जताई कि अभी भी कई विकास खंडों में बड़ी संख्या में किसानों की रजिस्ट्री लंबित है, जिसे समयबद्ध तरीके से पूरा करना बेहद जरूरी है।
इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए प्रशासन ने विशेष रणनीति बनाई है। इसके तहत उन ग्राम पंचायतों को चिन्हित किया गया है, जहां रजिस्ट्री की संख्या कम है। इन स्थानों पर 6 अप्रैल से विशेष कैंप लगाए जाएंगे। कैंप के माध्यम से किसानों को फोन कर बुलाया जाएगा और मौके पर ही उनकी किसान आईडी बनाई जाएगी।
अभियान की प्रभावी निगरानी के लिए 21 नोडल अधिकारी और 6 तहसील स्तरीय नोडल अधिकारियों की तैनाती की गई है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर अभियान को सफल बनाएं और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि कैंप गांव के सार्वजनिक स्थलों पर लगाए जाएं और व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक किसान इस योजना का लाभ उठा सकें। कैंप सुबह 8 बजे से शुरू होंगे, जिनमें एडीओ (कृषि), लेखपाल, प्राविधिक सहायक, एटीएम, बीटीएम, ग्राम सचिव और पंचायत सहायक मौजूद रहकर रजिस्ट्री का कार्य पूरा कराएंगे।
जिलाधिकारी ने साफ कहा कि भविष्य में किसान सम्मान निधि, उर्वरक वितरण समेत अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ केवल उन्हीं किसानों को मिलेगा, जिनकी किसान आईडी बनी होगी। इसलिए कोई भी पात्र किसान इस प्रक्रिया से वंचित न रहे।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), मुख्य राजस्व अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ), सभी उप जिलाधिकारी, तहसीलदार और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
.jpeg)