देवल संवाददाता,आजमगढ़। जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना जहानागंज पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए दो अंतरजनपदीय गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से लगभग 21 किलो 667 ग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 3 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्रा के नेतृत्व में टीम क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो संदिग्ध व्यक्ति कादीपुर से चक्रपानपुर मार्ग पर स्थित तरछा पुलिया के पास खड़े हैं और गांजा तस्करी में संलिप्त हैं। सूचना पर तत्परता दिखाते हुए पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही दोनों संदिग्ध भागने लगे, लेकिन टीम ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान अंकित यादव (20 वर्ष), निवासी कोड़रा, थाना चितबड़ागांव, जिला बलिया तथा रजनीश यादव (25 वर्ष), निवासी रूदवापुर, थाना सिकंदरपुर, जिला बलिया के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनके पास से 20 बंडलों में कुल 21.667 किलोग्राम गांजा तथा तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए गए। इस संबंध में थाना जहानागंज में मु0अ0सं0 86/2026 के तहत धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर दोनों अभियुक्तों को हिरासत में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक विनय कुमार, उपनिरीक्षक बीरबल यादव, कांस्टेबल ऋषि कुमार, ओमप्रकाश यादव, पवन सिंह एवं सोनू गोड़ शामिल रहे।
